ब्रेकिंग न्यूज :बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर लापता, जोशीमठ घाटी में संपर्क टूटा; पायलट समेत छह लोग सवार, सेना और एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
1 hour ago38 Views
@शब्द दूत ब्यूरो (30 अक्टूबर 2026)
चमोली। उत्तराखंड में शुक्रवार 30 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर लापता होने से हड़कंप मच गया। ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक रडार और संपर्क से बाहर हो गया। हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। इसमें पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए दोपहर लगभग 1 बजकर 14 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जब हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था, तभी उससे संपर्क टूट गया। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर का ट्रैकिंग सिस्टम भी उसकी लोकेशन बताने में असमर्थ हो गया। फिलहाल उसका सटीक स्थान पता नहीं चल पाया है।
हेलीकॉप्टर में सवार लोगों का विवरण भी सामने आया है। आधिकारिक सूचना के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे।
हेलीकॉप्टर में सवार लोगों में कैप्टन हिमांशु के अलावा यात्रियों में प्रताप, अरूण, शंकर गौड़ा, सुधीर के., एच.एस. नटराज शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया। लापता हेलीकॉप्टर की तलाश और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।
एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। यह कदम किसी अन्य संभावित खतरे को टालने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हिमालयी क्षेत्र में ऊंचे पहाड़ों, दुर्गम घाटियों और बदलते मौसम के बीच खोज एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार छह लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटना ने एक बार फिर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।