@शब्द दूत ब्यूरो (28 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। ओरिसन स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला में माननीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सुश्री पूनम टोडी तथा सब-इंस्पेक्टर श्रीमती रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा के महत्व, इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना आवश्यक है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी रखने, किसी भी अनुचित परिस्थिति को पहचानने और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
विद्यालय की मेंटर श्रीमती उमा वात्सल्य, एमडी नितिन वात्सल्य एवं प्रधानाचार्य पीटर मार्शल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा बाल संरक्षण कानूनों की समझ विकसित करना रहा।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण के महत्व और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



