Breaking News

द्रोणासागर में बाबा नीम करौली महाराज की प्रतिमा का अनावरण, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, महापौर दीपक बाली व विधायक चीमा ने की पूजा-अर्चना

@शब्द दूत ब्यूरो (20 अक्टूबर 2026)

काशीपुर। गुरु द्रोणाचार्य की ऐतिहासिक एवं पावन स्थली द्रोणासागर स्थित केडीएफ पार्क में  बाबा नीम करौली महाराज की प्रतिमा का अनावरण एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री एवं ऊधमसिंह नगर जिले के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, महापौर दीपक बाली और विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने संयुक्त रूप से बाबा नीम करौली महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) की ओर से आयोजित समारोह में सुंदरकांड पाठ, हवन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण के बीच प्रतिमा का अनावरण किया गया। द्रोणासागर स्थित तुलाराम राजाराम स्थल पर आयोजित इस समारोह का उद्देश्य बाबा के प्रति श्रद्धा और आध्यात्मिक आस्था को समर्पित करना रहा।

प्रतिमा का अनावरण करते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने काशीपुर क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज की कृपा सभी पर बनी रहे और हर व्यक्ति का जीवन सुखमय हो। इस पावन स्थल पर आमंत्रित करने के लिए उन्होंने काशीपुर डेवलपमेंट फोरम और महापौर दीपक बाली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां लोगों से मिले स्नेह के कारण उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे वह अपने घर आए हों।

प्रभारी मंत्री ने काशीपुर के विकास से जुड़ी समस्याओं पर कहा कि काशीपुर डेवलपमेंट फोरम के अध्यक्ष राजीव घई ने क्षेत्र की जो समस्याएं उनके सामने रखी हैं, उनके समाधान के लिए शीघ्र ही देहरादून सचिवालय में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संबंधित समस्याओं के निदान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

महापौर दीपक बाली ने राजीव घई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि काशीपुर के विकास के लिए हमेशा आगे रहने वाले राजीव घई को अपने प्रयासों में अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है। पूरा शहर और सभी लोग उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्रोणासागर की इस पावन स्थली को विकसित कर सुंदर बनाने के लिए इसे अपनी सुपुर्दगी में लेने जा रहा है। इस स्थल का विकास स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि राजीव घई की ओर से उठाई गई मांगों को समर्थन दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी देहरादून में होने वाली बैठक में शामिल होकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि समस्याएं हर क्षेत्र में होती हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे आपसी संवाद और बैठक के माध्यम से उनका समाधान करें। उन्होंने सरकार से मांग की कि ओवरब्रिज जैसे निर्माण कार्यों के टेंडर जारी करने से पहले निर्माण से जुड़ी संभावित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इससे निर्माण कार्य शुरू होने के बाद आम जनता को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि काशीपुर की जनता को वर्तमान में जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनसे सबक लेते हुए भविष्य की योजनाओं में पहले से तैयारी की जानी चाहिए।

समारोह के दौरान केडीएफ के मार्गदर्शन में धनुर्विद्या का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ख्वाहिश एनजीओ के बच्चों को भी सम्मानित किया गया और संस्था की संचालक आयुषी नागर के प्रयासों की प्रशंसा की गई। आयोजन में काशीपुर के विकास और सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें नैनी पेपर, सिद्धार्थ पेपर, बीडीसीएम, डॉ. डीके अग्रवाल, डॉ. रवि सिंघल, आरके, जिंदल परिवार, रामकिशोर सेठ, ब्रह्म शरण अग्रवाल, शिवजीत नरूला, कुंज बिहारी लाल अग्रवाल और शंभूनाथ अग्रवाल सहित अन्य शामिल रहे।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने द्रोणासागर क्षेत्र में वृक्षारोपण भी किया। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम के अध्यक्ष राजीव घई, सचिव शरत गोयल, संयुक्त सचिव चक्रेश जैन और अन्य सदस्यों ने परिवहन मंत्री सहित सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान, उद्यमी बांके गोयंका, केजीसीसीआई अध्यक्ष विनीत सिंघल, जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, अनुज सेठ, पवन अग्रवाल, प्रदीप सिंह, संजय अग्रवाल, डॉ. अशोक सिरोही, संजय चतुर्वेदी, विमल गुड़िया, आनंद कुमार एडवोकेट, प्रमोद अग्रवाल, उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश गुप्ता, प्रियांशु अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अनुराग जिंदल, सुशील बंसल, डॉ. गिरीश चंद तिवारी, मनोज पंत, डॉ. बीएम गोयल, डॉ. एसपी गुप्ता, सुरेंद्र छाबड़ा, पार्षद वैशाली गुप्ता, शिक्षक कौशल गुप्ता, भाजपा के जिला महामंत्री सुशील शर्मा और जीके अग्रवाल सहित नगर एवं क्षेत्र के अनेक उद्यमी, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बाबा नीम करौली महाराज को देश-विदेश में उनके अनुयायी हनुमान जी के अनन्य उपासक और आध्यात्मिक संत के रूप में श्रद्धापूर्वक पूजते हैं। उनके जीवन और शिक्षाओं से सेवा, प्रेम तथा भक्ति की प्रेरणा मिलती है। द्रोणासागर में उनकी प्रतिमा की स्थापना से काशीपुर के श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए एक नया धार्मिक स्थल मिला है। समारोह में उपस्थित लोगों ने काशीपुर डेवलपमेंट फोरम के इस आयोजन की सराहना की।

Check Also

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की अग्रिम जमानत याचिका खारिज, एससी-एसटी एक्ट के आरोपों पर अदालत का फैसला

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (19 अक्टूबर 2026) देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-