@शब्द दूत ब्यूरो (18 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं सावन कृपाल रूहानी मिशन के प्रमुख संत राजिन्दर सिंह महाराज 23 अक्टूबर 2026 को काशीपुर में आध्यात्मिक सत्संग और नामदान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे श्रद्धालुओं को प्रेम, आपसी भाईचारे, मन की शांति और ध्यान-अभ्यास के महत्व के बारे में विस्तार से बताएंगे। कार्यक्रम को लेकर मिशन की काशीपुर शाखा की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
मिशन के मीडिया प्रभारी सौरव नरूला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि संत राजिन्दर सिंह जी महाराज 23 अक्टूबर की शाम सात बजे गढ़ी नेकी रोड पर कुंडा चौराहे के निकट स्थित कृपाल आश्रम में आध्यात्मिक प्रवचन देंगे। सत्संग में वे जीवन में प्रेम, सद्भाव और आंतरिक शांति प्राप्त करने के उपायों पर प्रकाश डालेंगे। इसके बाद रात नौ बजे नए जिज्ञासुओं के लिए नामदान यानी आध्यात्मिक दीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संत महाराज ध्यान-अभ्यास के माध्यम से प्रभु की ज्योति और श्रुति के आंतरिक अनुभव से संबंधित मार्गदर्शन देंगे।
सौरव नरूला ने बताया कि इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में काशीपुर के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। विदेशों से आए श्रद्धालु भी इसमें भाग लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सावन कृपाल रूहानी मिशन की काशीपुर शाखा की ओर से किया जा रहा है। मिशन ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें सत्संग में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।
उन्होंने बताया कि संत राजिन्दर सिंह जी महाराज सावन कृपाल रूहानी मिशन के प्रमुख हैं। यह एक गैर-लाभकारी आध्यात्मिक संस्था है, जिसे पश्चिमी देशों में साइंस ऑफ स्पिरिचुएलिटी के नाम से भी जाना जाता है। मिशन का उद्देश्य ध्यान-अभ्यास के माध्यम से लोगों को आत्मज्ञान और परमात्मा की प्राप्ति के मार्ग से परिचित कराना है। संत महाराज पिछले 37 वर्षों से जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लाखों लोगों को ध्यान-अभ्यास की विधि सिखा रहे हैं।
संत राजिन्दर सिंह जी महाराज को ध्यान-अभ्यास और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनके आध्यात्मिक संदेश पुस्तकों, लेखों, ऑडियो बुक, डीवीडी, टेलीविजन, रेडियो, इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचते हैं। उनकी पुस्तकें विश्व की 56 भाषाओं में उपलब्ध हैं। इनमें ‘मन का शुद्धिकरण’, ‘मेडिटेशन ऐज मेडिकेशन फॉर द सोल’ और ‘ध्यान-अभ्यास के द्वारा आंतरिक और बाहरी शांति’ जैसी पुस्तकें शामिल हैं।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि सावन कृपाल रूहानी मिशन के विश्वभर में 3500 से अधिक केंद्र स्थापित हैं। मिशन का मुख्यालय दिल्ली के विजय नगर में तथा अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय अमेरिका के शिकागो क्षेत्र के नेपरविले में स्थित है।
सत्संग कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7065117100 पर संपर्क किया जा सकता है। मिशन की वेबसाइट www.sos.org पर भी जानकारी उपलब्ध है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिशन के स्थानीय अध्यक्ष परमजीत सिंह, जोनल कोऑर्डिनेटर एडमिन जसपाल सिंह, सिमरन जीत सिंह, सुरेंद्र मिगलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस को सौरव नरूला ने संबोधित किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



