Breaking News

खाद्य सुरक्षा में धामी सरकार की सख्ती, दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि यूनिवर्सिटी के मेस-कैफेटेरिया बंद करने के निर्देश

@शब्द दूत ब्यूरो (15 अक्टूबर 2026)

देहरादून। उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) ने सख्ती शुरू कर दी है। विभाग की टीमों ने देहरादून और विकासनगर क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों के मेस और कैफेटेरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि यूनिवर्सिटी के भोजनालयों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद संबंधित मेस और कैफेटेरिया को कमियां दूर होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भोजन तैयार करने की व्यवस्था, साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट और खाद्य लाइसेंस सहित जरूरी दस्तावेजों की जांच की।

दून मेडिकल कॉलेज के बॉयज मेस, गर्ल्स मेस और कैफेटेरिया के निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। गर्ल्स हॉस्टल के मेस के स्टोररूम में जंग लगी अलमारियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान जीवित कॉकरोच भी मिले। खिड़कियों और किचन के दरवाजों पर जाली नहीं होने से मक्खियों और अन्य कीटों के प्रवेश की आशंका भी सामने आई। इसके अलावा मौके पर कैटरर का वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया।

FDA की टीम ने दून मेडिकल कॉलेज के मेस से खुली हल्दी, दही और तैयार छोले के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। कैफेटेरिया के किचन में भी कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। यहां से तैयार दाल और डिलिशियस फैट स्प्रेड के नमूने भी लिए गए।

विकासनगर क्षेत्र स्थित देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन का भी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी की टीम ने औचक निरीक्षण किया। यहां खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिलीं। टीम ने दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, तैयार अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने एकत्र किए। इसके अतिरिक्त नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी लिया गया।

इस अभियान के दौरान कुल 10 खाद्य नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने संबंधित संस्थानों को निरीक्षण में पाई गई कमियों को निर्धारित समयसीमा में दूर करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक संबंधित मेस और कैफेटेरिया बंद रखने को कहा गया है। कमियां दूर नहीं करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण सहित अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य भोजनालयों में भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर संबंधित संस्थानों और कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार, आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और अस्पतालों में भर्ती लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की निगरानी के लिए आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Check Also

काशीपुर: राष्ट्रपति से स्वच्छता सर्वेक्षण में सम्मानित मेयर दीपक बाली व राष्ट्रपति के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस नेता के खिलाफ पार्षदों ने दी तहरीर

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (12 नवंबर 2026) काशीपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-