@शब्द दूत ब्यूरो (14 अक्टूबर 2026)
देहरादून। NH-07 पर मोहकमपुर से आशारोड़ी तक बनने वाले एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के विरोध में प्रभावित क्षेत्रवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। ‘मोहकमपुर-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति’ के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
निवासियों का आरोप है कि NHAI द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के मकानों पर सीधे लाल निशान लगा दिए गए हैं। इस परियोजना से मोहकमपुर, जोगीवाला, बद्रीपुर, रूपनगर, फ्रेंड्स एन्क्लेव और डिफेंस कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों के हजारों मकान और परिवार प्रभावित हो रहे हैं। संघर्ष समिति का कहना है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की संपत्ति बचाने के लिए प्रोजेक्ट का रूट बदलकर घनी गरीब बस्तियों की ओर मोड़ दिया गया है।
क्षेत्रवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर अपने घर टूटने नहीं देंगे और जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, धरना जारी रहेगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



