@शब्द दूत ब्यूरो (06 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। रामनगर रोड स्थित राजकीय चिकित्सालय के सामने डॉ. पुनीत सरना के स्किन सेंटर पर मंगलवार को शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। ऊधमसिंहनगर के एसीएमओ डॉ. हरीश पांडे तथा गोपाल आर्य मौके पर पहुंचे और सेंटर से संबंधित दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की जांच शुरू की।
शिकायतकर्ता ने स्वास्थ्य विभाग व अन्य उच्च अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि संबंधित क्लीनिक में चिकित्सा प्रैक्टिस, मशीनों के संचालन, क्लीनिक रजिस्ट्रेशन तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों को लेकर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायत में क्लीनिक की व्यवस्थाओं, अग्निशमन सुरक्षा, सीवर ट्रीटमेंट एवं अन्य मानकों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्लीनिक का संचालन ऐसी स्थिति में किया जा रहा है, जिसमें आवश्यक वैधानिक अनुमति और पंजीकरण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से क्लीनिक की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी।
इसी शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को स्किन सेंटर पहुंची। टीम ने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और दस्तावेजों का निरीक्षण शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक एसीएमओ डॉ. हरीश पांडे और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद थी तथा जांच की कार्रवाई जारी थी।
स्वास्थ्य विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि क्लीनिक के संचालन में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो उसके संबंध में क्या कार्रवाई की जाती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



