@शब्द दूत ब्यूरो (01 मई 2026)
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने खटीमा पहुंचकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीपैड पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर उन्होंने काशीपुर नगर निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 23 करोड़ 44 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने हेतु मांग पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी और शहरी विकास निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए।
महापौर द्वारा दिए गए मांग पत्र में बताया गया कि वर्ष 2018 में नगर निगम काशीपुर के विस्तार के बाद लगभग 8,546 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले करीब 40 गांवों को 20 नए वार्डों के रूप में शामिल किया गया था। बावजूद इसके इन क्षेत्रों में अब भी सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के कारण अब तक अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए थे, लेकिन अब नगर निगम ने इन क्षेत्रों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस योजना को गति देने के लिए 23.44 करोड़ रुपये की आवश्यकता जताई गई थी, जिसे मुख्यमंत्री ने तुरंत मंजूरी दे दी।
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी काशीपुर के विकास को लेकर लगातार गंभीर हैं और समय-समय पर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच काशीपुर को काशी की तर्ज पर विकसित और सुंदर बनाने की है, जो अब साकार होती नजर आ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से काशीपुर में सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास योजनाएं तेजी से चल रही हैं और इनके पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
