@शब्द दूत ब्यूरो (26 अप्रैल 2026)
रूद्रपुर। उधम सिंह नगर में एक भूमि विवाद ने तूल पकड़ लिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे से जुड़े भूमि प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई ग्राम सैंमलपुरी, तहसील बाजपुर निवासी शिकायतकर्ता नन्नी देवी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में खाता संख्या 20 के अंतर्गत दर्ज खसरा नंबर 25/1 (1.154 हेक्टेयर) एवं खसरा नंबर 26 (0.379 हेक्टेयर) भूमि में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2010-11 में उक्त भूमि का हस्तांतरण नियमों के विपरीत सामान्य जाति के व्यक्ति, विधायक के पुत्र अतुल कुमार के नाम कर दिया गया, जबकि यह भूमि अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित बताई गई है, जिसका हस्तांतरण कानूनन संभव नहीं है।
इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि मामले में न्यायालय के निर्णय के बावजूद, प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े होने के कारण भूमि पर कब्जा नहीं दिलाया गया।
जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एक समिति का गठन किया है। इस समिति में एडीएम (वित्त/राजस्व) को अध्यक्ष, एसडीएम बाजपुर को सदस्य सचिव तथा बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, समिति को निर्देशित किया गया है कि शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की गहन जांच कर स्पष्ट आख्या और अभिमत सहित रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करें। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
