@शब्द दूत ब्यूरो (15 जनवरी 2022)
उत्तराखंड में कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर देहरादून से दिल्ली तक मंथन जारी है। बहुत जल्द कांग्रेस की पहली सूची जारी हो सकती है। इस सूची में वे नाम जारी हो सकते हैं जिनपर पार्टी में कोई विवाद नहीं। लेकिन इस बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर यह है कि भाजपा के तीन बड़े नेताओं का नाम कांग्रेस प्रत्याशियों के रूप में सामने आ सकता है।
दरअसल इन तीन नेताओं के नाम पर पार्टी में नफा-नुकसान को लेकर समीक्षा की जा रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा के ये तीन दिग्गज ऐन मौके पर पाला बदलने की तैयारी में हैं। उधर, कांग्रेस में इन तीनों दिग्गज नेताओं को लेकर हरीश रावत संकेत तमाम बड़े नेताओं को मनाने की कवायद जारी है।
दरअसल, इन तीनों नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए मनमाफिक सीट चाहिए। सूत्रों की मानें तो इन तीनों नेताओं को भाजपा आलाकमान इनकी मनमाफिक सीट से टिकट देने के पक्ष में नहीं है। ऐसे में इन नेताओं का कांग्रेस की ओर देखना लाजिमी है। बता दें कि टिकटों को लेकर दोनों दलों में काफी जद्दोजहद चल रही है।
इस बार उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के टिकट वितरण के बाद कई चौंकाने वाले नाम दोनों दलों में देखने को मिलेंगे। बहरहाल एक दो दिन के भीतर स्थिति साफ होने जा रही है। कांग्रेस से कुछ अप्रत्याशित चेहरे चुनाव मैदान में होंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

