सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह थाने पहुंचा तो उसने अचानक जेब से चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
@शब्द दूत ब्यूरो (24 नवंबर 2026)
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। जामा मस्जिद पुलिस थाने में चाकू से हमला किए जाने की घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसे उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के बाद थाने में पूछताछ और काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह थाने पहुंचा तो उसने अचानक जेब से चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
इस हमले में पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। घायलों में सब इंस्पेक्टर अजय, सब इंस्पेक्टर अरविंद, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत शामिल हैं। इनमें तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई।
हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन छीन लिया। पुलिस की ऑपरेशन यूनिट ने उसका पीछा करते हुए उसे मध्य दिल्ली के चितली कबर इलाके में घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा चाकू से हमला कर दिया, जिसमें चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगीं और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस तरह दोनों घटनाओं में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पांच पुलिसकर्मियों को पहले संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए सर गंगाराम अस्पताल रेफर किया गया। आरोपी नबील का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में भी मारपीट से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



