@शब्द दूत ब्यूरो (21 नवंबर 2026)
काशीपुर की प्रतिभा और उत्तराखंड की संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर दिलाई पहचान, बेसहारा बच्चों के भविष्य को संवारने का संकल्प
काशीपुर। काशीपुर की समाजसेवी एवं डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर उर्वशी दत्त बाली ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। सिंगापुर में 13 से 19 नवंबर तक रॉयल कैरेबियन क्रूज पर आयोजित प्रतिष्ठित ‘मिसेज इंटरनेशनल’ सीजन-13 प्रतियोगिता में उन्होंने ‘Woman of Substance’ का खिताब हासिल किया। 52 वर्ष की उम्र में मिली यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनका उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेना नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना रहा।
प्रतियोगिता में तीन दिवसीय सिटी टूर और सात अलग-अलग राउंड आयोजित किए गए। अंतर्राष्ट्रीय जूरी में म्यांमार की विन पा पा सोए और पुर्तगाल की डॉ. जीना रोशेल सहित विभिन्न देशों और भारत के कई विशेषज्ञ शामिल रहे। जूरी ने उर्वशी बाली के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण की सराहना की।
प्रतियोगिता के दौरान उर्वशी बाली ने भारतीय संस्कृति और विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उत्तराखंड के पारंपरिक पिछौड़े और नथ के साथ हिमाचल की लाल टोपी एवं आभूषण, नागालैंड की स्कर्ट, राजस्थान की चूड़ियां और बरेली की पायल को अपने परिधानों में शामिल कर उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की खूबसूरत तस्वीर पेश की। क्रूज की 14वीं मंजिल पर पारंपरिक उत्तराखंडी वेशभूषा में उनकी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भारतीय और विदेशी प्रतिभागियों तथा दर्शकों ने उनके पहनावे और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके गौरव की प्रशंसा की।
उर्वशी बाली ने इस अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि को केवल अपनी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के स्थानीय हुनरमंद लोगों को भी वैश्विक मंच से जोड़ने का प्रयास किया। उनके विशेष परिधान कविता छाबड़ा लाइफस्टाइल द्वारा तैयार किए गए, जिन्हें काशीपुर के अलीगंज रोड स्थित अली टेलर, ट्रेंड्स सीडीओ के नीचे ए टू जेड टेलर, मनप्रीत कौर बुटीक और सलीम भाई सहित स्थानीय कारीगरों ने अपनी बारीक कारीगरी से विशेष रूप दिया।
उनके मेकअप में 40 वर्षों का अनुभव रखने वाले मोनालिसा ब्यूटी पार्लर और 30 वर्षों का अनुभव रखने वाली प्रीति कपूर के खूबसूरत ब्यूटी पार्लर का मार्गदर्शन रहा। इस आयोजन में रामनगर के युवा फोटोग्राफर सुबोध राणा को भी पहली बार सिंगापुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने का अवसर मिला। उनके काम की भी सराहना की गई। इस तरह उर्वशी बाली ने अपनी उपलब्धि के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, ब्यूटी विशेषज्ञों और युवा प्रतिभाओं को भी पहचान दिलाने का प्रयास किया।
अपनी सफलता के उद्देश्य पर बात करते हुए उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि उनका पिछौड़ा, नथ और अंतर्राष्ट्रीय ताज पूरे उत्तराखंड की जीत है। 52 वर्ष की उम्र में इस मंच पर पहुंचने के पीछे उनका मकसद सिर्फ प्रतियोगिता जीतना नहीं था। वह माता-पिता के स्नेह से वंचित, परित्यक्त और कानूनी व पारिवारिक उलझनों से जूझ रहे बच्चों की आवाज को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना चाहती हैं। उनका प्रयास है कि ऐसे बच्चों को बेहतर अवसर मिलें और वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उर्वशी बाली ने बताया कि वह जल्द ही उत्तराखंड में भी एक बड़े मंच का आयोजन करने की योजना बना रही हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय और ग्रामीण महिलाओं को अपनी कला, पारंपरिक परिधान और आभूषणों को प्रदर्शित करने का अवसर देना है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिल सके।
उर्वशी दत्त बाली की यह उपलब्धि इस संदेश के साथ सामने आई है कि उम्र किसी सपने की सीमा नहीं होती। जब किसी मुकाम को हासिल करने के पीछे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से बड़ा सामाजिक उद्देश्य हो, तो सफलता का अर्थ केवल ताज पहनना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में उम्मीद जगाना भी होता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



