@शब्द दूत ब्यूरो (28 अक्टूबर 2026)
गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के तहत पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की 122.69 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों की आधारशिला रखी।
शिलान्यास की गई अन्य योजनाओं में 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन का निर्माण, 22.75 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर करने से संबंधित दो योजनाएं शामिल हैं। इनमें 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग और 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह योजनाओं का भी लोकार्पण किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण तथा 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन शामिल हैं।
इसके अलावा 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण और 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
गैरसैंण में पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निर्मित फायर यूनिट भवन और थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया। फायर यूनिट भवन का निर्माण 4.37 करोड़ रुपये और थाना गैरसैंण भवन का निर्माण 4.24 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।
इन योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क आवागमन, शैक्षिक सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित बुनियादी ढांचे के विस्तार की उम्मीद है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, जबकि बहुगुणानगर में भू-धंसाव से बचाव के कार्य स्थानीय आबादी की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



