काशीपुर: चन्द्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, साक्षी ने हासिल किया प्रथम स्थान
21 hours ago36 Views
@शब्द दूत ब्यूरो (09 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत : विकसित भारत 2047’ कार्यक्रम के तहत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों में साकार किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने डिजिटल इंडिया, करंट इंडिया, इनोवेटिव भारत, माय फ्यूचर इंडिया तथा उत्तराखंड के विकास की परिकल्पना जैसे विभिन्न विषयों पर चित्र प्रस्तुत किए। इन चित्रों के माध्यम से छात्राओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की कल्पना, तकनीकी प्रगति, नवाचार और विकास की संभावनाओं को आकर्षक ढंग से दर्शाया।
प्रतियोगिता में कु. साक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. अंशिका गोला द्वितीय स्थान पर रहीं। कु. दीप्ति और कु. निहारिका आर्या ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, मानसी, काजल और आकांक्षा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीता मेहरा शामिल रहीं। उन्होंने छात्राओं की कलात्मक अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और विषय की प्रस्तुति के आधार पर चित्रों का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. पुष्पा धामा, डॉ. रंजना, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति रावत एवं कु. सृष्टि सिंह उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही, विकसित भारत 2047 के संकल्प के प्रति जागरूकता बढ़ाने और देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करने का प्रयास किया गया।