Breaking News

काशीपुर :अगले दो दिनों में फिर शुरू होगा लक्ष्मीपुर माइनर का काम, नहीं तोड़ा जायेगा कोई स्थायी निर्माण, महापौर दीपक बाली ने स्थलीय निरीक्षण के बाद दिलाया भरोसा

@शब्द दूत ब्यूरो (29 सितंबर 2026)

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर माइनर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग, यूपीसीएल, नगर निगम तथा निर्माण संस्था के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य में आ रही समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। महापौर ने बताया कि वर्षा ऋतु के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद विकास कार्यों को दोबारा गति दी जा रही है।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर का काफी हिस्सा पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि कुछ पैच का काम शेष है। निर्माण संस्था की ओर से बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर सहित अन्य तकनीकी और स्थानीय बाधाओं की जानकारी दी गई थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और निर्माण संस्था के इंजीनियरों की मौजूदगी में इन समस्याओं के समाधान पर सहमति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अब उम्मीद है कि कल या परसों से लक्ष्मीपुर माइनर के शेष हिस्से में काम शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान जहां भी कोई रुकावट आएगी, वहां अधिकारियों के साथ समन्वय कर उसका समाधान कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं भी मौके का निरीक्षण करेंगे। महापौर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर को कवर किए जाने के बाद इसके ऊपर यातायात व्यवस्था विकसित होने की संभावना है, जिससे शहर को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।

नहर के ऊपर बने मकानों और अस्थायी निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया है कि किसी के स्थायी निर्माण को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहीं है। जहां लोगों ने अस्थायी तौर पर जाल, लोहे की सीढ़ी या अन्य सामान लगाकर नहर को ढका हुआ है, उनसे स्वयं इन्हें हटाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा, लेकिन किसी का स्थायी निर्माण तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्माण कराया जाएगा और प्रयास रहेगा कि किसी व्यक्ति को अनावश्यक नुकसान न हो।

महापौर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर के तैयार होने के बाद शहर को बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत शहर के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य है और इसके पूरा होने से आम जनता को लाभ मिलेगा।

लक्ष्मीपुर माइनर में गंदगी और इसके ढेला नदी से जुड़ने के सवाल पर महापौर ने कहा कि काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में अब गंदे पानी को सीधे ढेला नदी में जाने से रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि शहर में 35 एमएलडी क्षमता के चार एसटीपी प्लांट संचालित हैं और गंदा पानी एसटीपी से होकर ही आगे जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं और नगर आयुक्त समय-समय पर एसटीपी का निरीक्षण करते हैं। माइनर में मौजूद गंदगी की सफाई और उसके प्रबंधन की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

महापौर ने आसपास रहने वाले लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आबादी वाले क्षेत्र में होने वाला निर्माण कार्य है, इसलिए निर्माण संस्था और अधिकारियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और पार्षदों ने भी परियोजना को जल्द पूरा कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। महापौर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर के आसपास रहने वाले लोग भी चाहते हैं कि यह विकास कार्य जल्द से जल्द पूरा हो, ताकि उन्हें इसका लाभ मिल सके।

इस दौरान नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट , शशांक गहतोड़ी , एक्सन सिंचाई ऐके गुप्ता , एक्सन यूपीसीएल अजित कुमार , पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन , एसडीओ यूपीसीएल महक मिश्रा , ऐई सिंचाई केशव सिंह , जेई राजू , पार्षद अब्दुल कादिर , जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला , नामित पार्षद दुर्गेश गुप्ता , सुमित प्रजापति , एडवोकेट अशरफ सैफी , पिंटू सैनी  समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर :आरटीआई के 21 वर्ष, सुधार या सुदृढ़ कार्यान्वयन विषय पर चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता में काजल प्रथम

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (25 सितंबर 2026) काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-