@शब्द दूत ब्यूरो (29 जून 2026)
अयोध्या के चर्चित राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में दर्ज एफआईआर अब खुद सवालों के घेरे में है। जिस एफआईआर के आधार पर करोड़ों रुपये के कथित गबन की जांच आगे बढ़ रही है, उसी में आरोपियों की पहचान से जुड़ी बुनियादी जानकारी का अभाव कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है। किसी भी संस्थान में किसी की नियुक्ति होती है तो उसका पूरा प्रोफाइल नियोक्ता के पास होता है। पर करोड़ों हिंदुओं के आराध्य श्रीराम के मंदिर में धन से जुड़े मामलों की देखरेख के लिए रखे गये लोगों की प्रोफाइल से ट्रस्ट की अज्ञानता किसी बड़े षड्यंत्र की भूमिका लग रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आठ नामजद आरोपियों के पिता का नाम और पूरा पता एफआईआर में दर्ज क्यों नहीं किया गया? सामान्यतः किसी भी आपराधिक मामले में आरोपी की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए यह जानकारी अनिवार्य मानी जाती है। फिर इतने संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामले में यह लापरवाही कैसे हुई?
कानूनी जानकारों का कहना है कि अधूरी जानकारी वाली एफआईआर आगे चलकर विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान विवाद का विषय बन सकती है। इससे यह आशंका भी पैदा होती है कि क्या जांच एजेंसी ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती या फिर जल्दबाजी में रिपोर्ट दर्ज कर दी गई।
एक और सवाल बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी उठ रहा है। यदि जांच में बैंकिंग प्रक्रिया पर सवाल सामने आए हैं, तो क्या उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच की गई? यदि नहीं, तो इसके पीछे क्या कारण हैं? यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह मामला केवल कथित गबन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब एफआईआर की गुणवत्ता और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बहस छिड़ गई है। इतनी संवेदनशील जांच में यदि शुरुआती दस्तावेज ही सवालों के घेरे में हों, तो निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर स्वाभाविक रूप से संदेह पैदा होता है।
हालांकि, यह भी ध्यान रखना आवश्यक है कि एफआईआर केवल आपराधिक प्रक्रिया की शुरुआत होती है, अंतिम निष्कर्ष नहीं। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगी। यदि एफआईआर में किसी प्रकार की त्रुटि या कमी है, तो जांच के दौरान उसे सुधारा भी जा सकता है।
अब सभी की निगाहें जांच एजेंसियों पर हैं कि वे इन सवालों का जवाब किस तरह देती हैं और क्या इस मामले में एफआईआर की कमियों पर भी अलग से जवाबदेही तय की जाती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal