Breaking News

काशीपुर : ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, छह चोरी की बाइक बरामद

@शब्द दूत ब्यूरो (25 जून 2026)

काशीपुर ।आई टी आई कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत और अन्य खर्चों की पूर्ति के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को चैती मेला काशीपुर के दौरान हुई वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।

24 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वकीलोवाला रोड स्थित पीएम आवास योजना के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ और तलाशी में उनकी संलिप्तता वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आई। पुलिस ने निखिल गोस्वामी (19 वर्ष) निवासी काशीपुर और पिंटू (27 वर्ष) निवासी मसवासी, रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उनका एक साथी अजय सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से थाना आईटीआई में दर्ज दो वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने चैती मेला और काशीपुर क्षेत्र से चोरी की गई चार अन्य मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी दी, जिन्हें उनकी निशानदेही पर एक खंडहर से बरामद कर लिया गया। कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें पुलिस ने बरामद की हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत और निजी खर्चों को पूरा करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। चोरी, नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की सतत निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर :महापौर दीपक बाली ने राजकीय चिकित्सालय में 63.31 लाख की जल संचयन परियोजना का किया शिलान्यास

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (22 जून 2026) काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-