@शब्द दूत ब्यूरो (10 मई 2026)
रूद्रपुर। बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है।
घटना 19 अप्रैल 2026 की रात थाना किच्छा क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी की है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में 20 अप्रैल को वादी राजेन्द्र कुमार गोयल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया और किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर तथा सितारगंज क्षेत्रों के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 9 मई 2026 को केशवनगर क्षेत्र से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता, अकील अहमद और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू शामिल हैं। मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम चांदी के आभूषण, ₹3,00,485 नगद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, एक एफजेड यामाहा मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ जेवरात शाहजहांपुर क्षेत्र में सुनारों को बेचे गए हैं, जिसकी जांच जारी है। मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल हो रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
