@शब्द दूत ब्यूरो (08 मई 2026)
काशीपुर। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया है कि कॉलेज परिसर के वॉशरूम में गई एक छात्रा का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाने की कोशिश की गई।
छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा द्वारा जारी वीडियो में कहा गया कि यह घटना उस समय की है जब कॉलेज में हड़ताल और अन्य गतिविधियां चल रही थीं। आरोप है कि उसी दौरान एक छात्रा वॉशरूम में गई, जहां उसने देखा कि कोई व्यक्ति खिड़की की ओर से कैमरा अंदर डालकर वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
छात्र संघ अध्यक्ष ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिस महाविद्यालय को “शिक्षा का मंदिर” कहा जाता है, यदि वहां भी छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वॉशरूम इस्तेमाल करने से पहले आसपास और खिड़कियों की ओर विशेष सतर्कता बरतें।
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल कई वॉशरूम बंद हैं, जबकि पीजी ब्लॉक और भूगोल विभाग के कुछ वॉशरूम खुले हुए हैं। ऐसे में छात्राओं को सावधानी बरतने की जरूरत है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व इस प्रकार की हरकत न कर सके।
घटना के सामने आने के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में नाराजगी का माहौल है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं छात्र संघ ने मामले की गंभीर जांच और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उधर महाविद्यालय की प्राचार्या इन दिनों देहरादून किसी सेमिनार में भाग लेने गयी हुईं हैं इसलिए उनसे इस संबंध में बातचीत नहीं हो पाई।
हालांकि छात्र संघ अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के एक दिन बाद भी पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। मामला कितना सत्य है इसकी जांच होनी चाहिए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
