Breaking News

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा रच रही प्रपंच, हमारे मुख्यमंत्री का चयन चुनाव के बाद हाईकमान तय करेगा, काशीपुर में बोले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (29 अप्रैल 2026)

काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने काशीपुर के मानपुर गांव में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि ढींगरा के निवास के पास स्थित श्री दुर्गा मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं (मातृ शक्ति) से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने “हरीश रावत जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

मीडिया से बातचीत में हरीश रावत ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह विधेयक संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था, जिसमें कांग्रेस और अन्य दल भी शामिल थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इसमें परिसीमन और जनसंख्या का मुद्दा जोड़कर इसे लागू करने में देरी कर दी।

रावत ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि यदि परिसीमन को लेकर राज्यों की आपत्तियों का समाधान हो जाए, तो पार्टी पूरी तरह सहयोग करेगी। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि मौजूदा 543 सीटों में से एक-तिहाई सीटें सीधे महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं।

आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी कांग्रेस का चेहरा हैं। वहीं राज्य में मुख्यमंत्री का चयन चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व द्वारा किया जाएगा।

अपने हालिया अवकाश को लेकर उठे विवाद पर रावत ने कहा कि अवकाश लेना उनका अधिकार है और इसे अनावश्यक रूप से मुद्दा बनाया गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इस पर अनर्गल बयानबाजी की, जिसका कोई औचित्य नहीं है।

उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनता अब भाजपा को परख चुकी है और आने वाले समय में बदलाव की लहर दिखाई देगी। गढ़वाल से कुमाऊं तक अपने दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की भावना स्पष्ट रूप से दिख रही है।

हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।

इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख कांग्रेस नेताओं में महानगर अध्यक्ष अलका पाल, अरूण चौहान, विमल गुड़िया , उमेश जोशी एडवोकेट , तरुण न लोहनी, जय सिंह गौतम, इंदुमान, अर्पित मेहरोत्रा, त्रिलोक अधिकारी, राशिद फारूखी पार्षद व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम, विनोद होंडा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व महिलायें मौजूद रहीं।

Check Also

उधम सिंह नगर में जमीन विवाद: भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पुत्र से जुड़े मामले की जांच के आदेश, 15 दिन में रिपोर्ट मांगी

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (26 अप्रैल 2026) रूद्रपुर। उधम सिंह नगर में …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-