@शब्द दूत ब्यूरो (20 अप्रैल 2026)
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वाली ताकतों को देश की मातृशक्ति करारा जवाब देगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने इस मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को निर्णय-निर्माण में समान भागीदारी दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल थी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
सीएम धामी ने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम जैसे विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस विधेयक को सफल नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि यह रवैया महिलाओं के अधिकारों के प्रति विपक्ष की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस कदम उठाया जाता है, तब विपक्ष किसी न किसी बहाने से उसे रोकने या कमजोर करने का प्रयास करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में भी विपक्ष ने भ्रामक तर्कों और राजनीतिक गणित का सहारा लिया।
परिसीमन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया गया, जबकि अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इससे किसी राज्य के प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके बावजूद जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
सीएम धामी ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही है और वह निर्णय-निर्माण में भागीदारी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और आने वाले समय में ऐसे दलों को जवाब देंगी जो उनके मार्ग में बाधा बनते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक सविता कपूर सहित पार्टी की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिला एवं युवा कार्यकर्ता और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
