@शब्द दूत ब्यूरो (19 अप्रैल 2026)
काशीपुर। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा काशीपुर महानगर द्वारा गौतम नगर स्थित कलश मंडप में विधि-विधान से हवन-पूजन का भव्य आयोजन किया गया। हवन-पूजन का अनुष्ठान पंडित रमेश भट्ट के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मण बंधुओं द्वारा भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार थे, जिन्होंने सदैव समाज कल्याण और धर्म रक्षा के लिए कार्य किया।
युवा विंग के जिला अध्यक्ष शिवम शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, पराक्रम, न्याय और धर्म के प्रतीक हैं। वे भगवान शिव के अनन्य भक्त एवं चिरंजीवी योद्धा थे, जिन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध सदैव शस्त्र उठाया। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया के दिन मनाई जाने वाली उनकी जयंती हमें समाज में संतुलन बनाए रखने और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है।
अन्य वक्ताओं ने भी भगवान परशुराम के जीवन, शौर्य और ज्ञान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में महानगर अध्यक्ष पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महिला विंग की महानगर अध्यक्षा श्रीमती लता शर्मा, पं. उमेश जोशी, पं. संदीप चतुर्वेदी, पं. दीपिका गुड़िया आत्रेय, पं. मोहन चंद्र पपने, पं. प्रदीप जोशी, पं. विमल गुड़िया, पं. भास्कर त्यागी एडवोकेट, पं. हौसला मिश्रा, पं. रजनीश शर्मा सहित महासभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा एवं पं. उमेश जोशी द्वारा पं. रजनीश शर्मा द्वारा रचित ब्राह्मण विषयक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal