@शब्द दूत ब्यूरो (06 अप्रैल 2026)
काशीपुर। श्रीराम इंस्टिट्यूट काशीपुर के सेमीनार हॉल में प्रबंधन विभाग के छात्र-छात्राओं के लिए “Total Quality Management in the Education System” विषय पर एक गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में KVA इंजीनियरिंग एंड कंसल्टेन्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विजय कुमार चौहान ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
अपने व्याख्यान में डॉ. चौहान ने शैक्षिक संस्थानों में संस्थागत प्रभावशीलता, निरंतर सुधार और बेहतर छात्र परिणामों के लिए गुणवत्ता सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संपूर्ण गुणवत्ता प्रबंधन (TQM) जैसे ढांचे के माध्यम से शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. योगराज सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गेस्ट लेक्चर छात्र जीवन में ज्ञानवर्धन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एकाग्रचित होकर व्याख्यान सुनने और प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि एक अच्छा श्रोता होना सफलता की दिशा में पहला कदम है।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान की सहायक प्राध्यापिका डॉ. फरहा नईम द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एस. एस. कुशवाहा, प्रबंधन विभाग के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal