Breaking News

हल्द्वानी में अग्निवीरों से मिले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बोले– “भारतीय सेना में आपका स्वागत है”

@शब्द दूत ब्यूरो (22 मार्च 2026)

हल्द्वानी। राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय भावुक और गौरवपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने सभी चयनित अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए आगे बढ़ रहे आप सभी युवाओं का भारतीय सेना में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने युवाओं के जोश और देशभक्ति की भावना की सराहना की।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतीक स्वरूप अग्निवीरों को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं और मां भारती की सेवा के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में बताया गया कि ये सभी चयनित अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में जा रहे हैं। संस्था के अध्यक्ष अजय कोठियाल ने जानकारी दी कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिसमें लिखित और शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। अब तक संस्था 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस में भर्ती कराकर राष्ट्र सेवा के लिए भेज चुकी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल अजय कोठियाल के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाया।

उल्लेखनीय है कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता रह चुके हैं और सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित हैं। साथ ही, 2013 केदारनाथ आपदा के बाद केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी देशभर में सराहा गया है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

फर्जी आईएएस समझकर पुलिस ने किया गिरफ्तार, अगले दिन निकले 2008 बैच के असली अधिकारी, फिर मचा हड़कंप, पुलिस की कार्यशैली संदेह के घेरे में

🔊 Listen to this हालांकि अगले ही दिन मामले में नया मोड़ आ गया। राहुल …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-