@शब्द दूत ब्यूरो (13 फरवरी 2026)
देहरादून।उत्तराखंड में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाते हुए पुलिस विभाग में बदलाव किए हैं। मुख्यमंत्री ने पहले भी कानून-व्यवस्था की लगातार समीक्षा बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे और स्पष्ट किया था कि अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य में पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के कुल 20 अधिकारियों के स्थानांतरण/नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी सूची के अनुसार कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP) और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और कोटद्वार सहित विभिन्न जनपदों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत श्रीमती निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक (एसडीआरएफ) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों को अपराध एवं यातायात, अभिसूचना, सीबीसीआईडी और आईआरबी जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में तैनाती मिली है।
शासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी तत्काल कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराएं।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जरूरतों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

