@शब्द दूत ब्यूरो (28 अक्टूबर 2025)
राजस्थान के जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि दस से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से कई को हालत नाजुक होने पर जयपुर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से मजदूरों को लेकर टोडी स्थित ईंट-भट्टे की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे बस में तेज धमाका हुआ और आग लग गई। बस में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर झुलसे मजदूरों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मनोहरपुर थाना पुलिस ने मृत मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान से बस गुजरी, वहां बिजली की लाइन बेहद नीचे से निकली हुई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और घायल मजदूरों के इलाज के लिए मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

