@शब्द दूत ब्यूरो (12 नवंबर 2026)
काशीपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर काशीपुर के मेयर दीपक बाली को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में काशीपुर नगर निगम के पार्षदों ने कांग्रेस नेता रवि पपनै के खिलाफ आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पार्षदों की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रवि पपनै ने मेयर दीपक बाली को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट प्रसारित की है। पार्षदों ने इस पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर को मिली उपलब्धि और सम्मान को लेकर इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की पोस्ट से जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा प्रभावित होने के साथ ही शहरवासियों की भावनाएं भी आहत हो सकती हैं। पार्षदों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर सोशल मीडिया पोस्ट की वास्तविकता और उसके तथ्यों की पड़ताल करने की मांग की है।
इस अवसर पर मौजूद पार्षद विजय बॉबी, मोनू चौधरी,संजय शर्मा, वैशाली गुप्ता, अनीता कांबोज, अनिल कुमार,रवि प्रजापति, बीना नेगी आदि प्रमुख थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



