Breaking News

काशीपुर: पॉश कालोनियों के संभ्रांत घरों के 12 कुलदीपकों को पुलिस ने जुआ खेलते दबोचा, 3.01 लाख रुपये किए बरामद

@शब्द दूत ब्यूरो (11 नवंबर 2026)

काशीपुर। शहर में जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गड्डा कॉलोनी स्थित एक मकान में छापा मारकर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोग मकान की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में ताश के पत्तों पर रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। मौके से पुलिस ने 3 लाख 1 हजार 620 रुपये की नकदी और ताश की गड्डी बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज को एसएसआई नवीन बुधानी पुलिस टीम के साथ स्टेडियम तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गड्डा कॉलोनी के एक मकान में कुछ लोग बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अधिकारियों को जानकारी दी और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के साथ बताए गए मकान पर दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक, मकान के एक कमरे में कई लोग घेरा बनाकर बैठे थे और ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगा रहे थे। पुलिस टीम ने मौके से सभी 12 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 3,01,620 रुपये की नकदी बरामद हुई।

गिरफ्तार किए गए लोगों में काशीपुर की प्रकाश रेजिडेंसी, डॉक्टर लेन, वैशाली कॉलोनी, मेन मार्केट, गड्डा कॉलोनी, घास मंडी, मानपुर रोड, विष्णुनाथपुरम कॉलोनी, मोहल्ला सिंघान, स्टेडियम के पीछे और चामुंडा विहार के निवासी शामिल हैं। इनके अलावा मुरादाबाद के डिलारी क्षेत्र के जटपुरा निवासी एक युवक भी पकड़ा गया है। आरोपियों की उम्र 28 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है।

पुलिस ने सभी 12 आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसआई संजय सिंह को सौंपी गई है।

कार्रवाई के बाद शहर में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर शहर में संचालित जुए के अड्डों और ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की जरूरत को सामने ला दिया।

Check Also

 काशीपुर विधानसभा चुनाव 2027: जातीय समीकरण, शहरी-ग्रामीण वोट और नेताओं की सियासी ताकत तय करेंगे टिकट का गणित! कौन होंगे भाजपा कांग्रेस से प्रत्याशी? जानिये पूरा विश्लेषण

🔊 Listen to this @विनोद भगत काशीपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की उलटी गिनती शुरू होने …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-