@शब्द दूत ब्यूरो (09नवंबर 2026)
काशीपुर। 25 साल से सत्ता का वनवास झेल रही कांग्रेस इस बार बदल सकती है प्रत्याशी चयन की रणनीति, युवा चेहरे के रूप में लवदीप सिंह की दावेदारी ने राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
उत्तराखंड की सियासत में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। खासतौर पर काशीपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस इस बार कोई नया राजनीतिक प्रयोग करने की तैयारी में दिखाई दे रही है। पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस के सामने इस बार सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के मजबूत राजनीतिक समीकरण को तोड़ने की है। ऐसे में पार्टी प्रत्याशी चयन को लेकर गंभीर मंथन कर रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस इस बार काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से किसी सिख चेहरे को चुनाव मैदान में उतार सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह पार्टी की चुनावी रणनीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा।
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस इस बार परंपरागत राजनीति से हटकर युवा और नए चेहरे पर दांव लगाने की संभावनाएं तलाश रही है। इसी कड़ी में काशीपुर निवासी लवदीप सिंह का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है। लवदीप सिंह की राजनीतिक और संगठनात्मक पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें कांग्रेस के संभावित मजबूत दावेदारों में गिना जाने लगा है। हालांकि प्रत्याशी चयन का अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान को ही करना है, लेकिन उनके नाम की चर्चा ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
लवदीप सिंह वर्तमान में जिला अध्यक्ष एनएसयूआई, उधम सिंह नगर के पद पर हैं। इससे पहले वह प्रदेश सचिव किसान कांग्रेस, ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस और महानगर सचिव कांग्रेस कमेटी काशीपुर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। छात्र राजनीति से लेकर किसान कांग्रेस और महानगर संगठन तक उनकी सक्रियता को उनकी राजनीतिक पूंजी के रूप में देखा जा रहा है। संगठन के विभिन्न स्तरों पर काम करने का अनुभव उन्हें एक ऐसे युवा चेहरे के रूप में स्थापित करता है, जो पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ युवाओं के बीच भी अपनी जगह बनाने की कोशिश कर सकता है।
काशीपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरण हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। तराई क्षेत्र की इस विधानसभा सीट पर सिख मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। भाजपा पिछले लगभग 25 वर्षों से इस सीट पर सिख चेहरे के रूप में चीमा परिवार पर भरोसा जताती रही है। लगातार चुनावी सफलता के चलते चीमा परिवार का क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक आधार बन चुका है। ऐसे में कांग्रेस यदि इस बार किसी सिख उम्मीदवार को मैदान में उतारती है तो भाजपा के परंपरागत राजनीतिक समीकरणों को सीधी चुनौती मिल सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी जरूरत ऐसा प्रत्याशी चुनने की है, जो केवल चुनाव लड़ने तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और विभिन्न वर्गों को साथ जोड़ने की क्षमता भी रखता हो। युवा चेहरा होने के साथ-साथ संगठनात्मक अनुभव रखने वाले उम्मीदवार को मैदान में उतारना कांग्रेस के लिए फायदेमंद हो सकता है। लवदीप सिंह के नाम की चर्चा इसी राजनीतिक संभावना से जोड़कर देखी जा रही है।
कांग्रेस के लिए इस बार चुनौती केवल भाजपा को हराने की नहीं, बल्कि पिछले कई वर्षों से कमजोर पड़े अपने चुनावी आधार को दोबारा मजबूत करने की भी है। पार्टी को ऐसे चेहरे की तलाश है जो भाजपा के स्थापित नेतृत्व को चुनौती देने के साथ ही युवाओं, किसानों, व्यापारियों और क्षेत्र के अन्य सामाजिक वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता बना सके। लवदीप सिंह की किसान कांग्रेस में रही भूमिका और एनएसयूआई में वर्तमान जिम्मेदारी को इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से लवदीप सिंह को संभावित प्रत्याशी घोषित किए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी की चुनाव समिति और हाईकमान के स्तर पर ही होगा। इसके बावजूद उनका नाम राजनीतिक चर्चाओं में आने से काशीपुर की चुनावी राजनीति में हलचल जरूर बढ़ गई है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस इस बार काशीपुर में पुराने राजनीतिक समीकरणों पर ही भरोसा जताती है या फिर युवा और नए सिख चेहरे को आगे कर भाजपा के मजबूत माने जाने वाले चीमा परिवार को चुनौती देने का जोखिम उठाती है। यदि लवदीप सिंह को पार्टी का समर्थन मिलता है तो काशीपुर विधानसभा का आगामी चुनाव एक नए राजनीतिक मुकाबले का गवाह बन सकता है। फिलहाल इतना तय है कि कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों की चर्चा में लवदीप सिंह का नाम तेजी से जगह बना रहा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal