मामले ने तूल तब पकड़ा जब वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने भी पलटवार करते हुए एसडीएम को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वीडियो सामने आने पर आम जनता से लेकर राजनीतिक हलकों तक आलोचना शुरू हो गई।
@शब्द दूत ब्यूरो (24 अक्टूबर 2025)
राजस्थान के भीलवाड़ा में एक सीएनजी पंप पर हंगामा करने वाले उपखंड अधिकारी (एसडीएम) छोटूलाल शर्मा को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें शर्मा खुद को ‘एसडीएम हूं मैं यहां का’ कहते हुए पंप कर्मचारी को थप्पड़ मारते नजर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि शर्मा अपनी गाड़ी में गैस भरवाने पहुंचे थे और उन्होंने पंपकर्मी से प्राथमिकता देने की मांग की। जब कर्मचारी ने नियमों के तहत पहले आए ग्राहकों की गाड़ियां भरने की बात कही तो एसडीएम भड़क उठे और थप्पड़ जड़ दिया।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने भी पलटवार करते हुए एसडीएम को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वीडियो सामने आने पर आम जनता से लेकर राजनीतिक हलकों तक आलोचना शुरू हो गई।
इसी बीच, एसडीएम शर्मा की पत्नी ने पंप कर्मचारियों पर बदसलूकी और गाली-गलौज के आरोप लगाए हैं। हालांकि पंप प्रबंधन ने कहा कि सरकारी अधिकारी ने पहले हाथ उठाया और कर्मचारियों ने आत्मरक्षा में प्रतिक्रिया दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से छोटूलाल शर्मा को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
यह घटना एक बार फिर सरकारी अधिकारियों के आचरण और जनता से व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर रही है। लोग सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि “अहंकार में कानून से ऊपर कोई नहीं हो सकता — न अफसर, न आम नागरिक।”
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

