@शब्द दूत ब्यूरो (07 अगस्त 2025)
काशीपुर। भाजपा काशीपुर के जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने पत्रकारों से बातचीत में पंचायत चुनावों के दौरान मीडिया द्वारा किए गए सकारात्मक कवरेज के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों की भूमिका हमेशा प्रेरणादायक रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 15 अगस्त तक पूरे जिले में विभाजन विभीषिका स्मृति सप्ताह के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में तिरंगा यात्राएं, स्वच्छता अभियान, और विभाजन की पीड़ा से जुड़े लोगों को सम्मानित करने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
मनोज पाल ने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी की पूरी टीम मंथन कर रही है और सभी मंडलों तक कार्यक्रमों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि 14 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर आएंगे और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि मुख्यमंत्री के आगमन और इस अभियान की जानकारी को जिलेभर में व्यापक रूप से प्रचारित करें।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का हर मोर्चा—महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, और अन्य सभी इकाइयां—इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाकर देश की एकता और अखंडता के लिए अपना योगदान देंगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal