@शब्द दूत ब्यूरो (17 जुलाई 2025)
काशीपुर। काशीपुर नगर निगम के महापौर दीपक बाली द्वारा शहर को गंदगी और जलभराव से मुक्त कराने का संकल्प अब जमीनी हकीकत में बदलता दिख रहा है। उनके नेतृत्व में नगर के भीतर वर्षों से उपेक्षित पड़ी बजबजाती नालियों की सफाई का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसे अब ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की संज्ञा दी जाने लगी है।
इस अभियान के तहत नगर निगम के सफाईकर्मी जिन्हें सफाई वीर सैनिक कहना ज्यादा उचित होगा, नालियों में घुसकर जमा गंदगी और कूड़े को बाहर निकाल रहे हैं। महापौर दीपक बाली की इस मुहिम में पूरा साथ देते नजर आ रहे हैं। गलियों में कचरे के ढेर और जलभराव की स्थिति को समाप्त करने के उद्देश्य से महापौर द्वारा आरंभ की गई इस पहल को शहरवासियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
अभियान की निगरानी खुद महापौर दीपक बाली कर रहे हैं, जबकि नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर डॉ. मनोज बिष्ट भी लगातार मौके पर रहकर सफाईकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
नगर के विभिन्न इलाकों में चल रही यह सफाई मुहिम न केवल स्वच्छता की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि जलभराव से होने वाली बीमारियों की रोकथाम में भी कारगर साबित हो रही है। महापौर ने कहा है कि यह सिर्फ एक शुरुआत है, और जल्द ही काशीपुर को स्वच्छ एवं सुगम यातायात वाला शहर बनाया जाएगा।
इस अभियान को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। सफाई कर्मियों की मेहनत और निगम की सक्रियता से अब शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal