Breaking News

हरेला पर्व पर राज्यव्यापी पौधारोपण कार्यक्रम: मुख्यमंत्री ने रोपा रुद्राक्ष का पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

@शब्द दूत ब्यूरो (16 जुलाई 2025)

देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर बुधवार को पूरे प्रदेश में राज्यव्यापी पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर, देहरादून में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर कार्यक्रम की शुरुआत की और समस्त प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ” रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और चेतना से जुड़ा भाव है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। इस बार पर्व के अवसर पर लगभग 5 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50 प्रतिशत फलदार पौधे लगाने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान में जनता, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं, महिला समूहों एवं पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल पर भी ज़ोर देते हुए कहा कि पेड़ बनना ही पौधारोपण की सच्ची सफलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सभी का नैतिक कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी अभियानों जैसे ‘पंचामृत संकल्प’, ‘नेट ज़ीरो इमिशन’, ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार भी इन्हीं मूल्यों को आत्मसात कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष पूरे देश में 108 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है।

राज्य में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से अब तक 6,500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण और 3.12 मिलियन घन मीटर वर्षा जल का संचयन किया गया है। सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और वाहनों में कूड़ेदान अनिवार्य किए जाने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधारोपण करें और उसकी देखरेख कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दें।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्रावण मास में हरेला पूजन के बाद वृक्षारोपण की परंपरा हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। वहीं, वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि हरेला पर्व इस बार प्रदेश के 2,389 स्थानों पर मनाया जा रहा है और विगत तीन वर्षों में लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट 80 प्रतिशत से अधिक रहा है।

इस मौके पर विधायक सविता कपूर, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

 कलश यात्रा में भगदड़: 1 महिला की मौत, कई घायल, धार्मिक उत्सव मातम में बदला

🔊 Listen to this घटना में हनुमान कॉलोनी निवासी रति साहू की मौत हो गई, …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-