@शब्द दूत ब्यूरो (12 जुलाई 2025)
काशीपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर दीपक बाली का संकल्प अब एक अभियान से बढ़कर सख्त कार्रवाई के रूप में सामने आ रहा है। गुरुवार रात उन्होंने शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ एक बार फिर ज़ोरदार ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की। रात के अंधेरे में अचानक वह नगर भ्रमण पर निकले और इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों को ई-रिक्शा में कूड़े के कंटेनर के साथ जीजीआईसी (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज) के सामने सड़क पर कूड़ा डालते रंगेहाथ पकड़ लिया।
महापौर दीपक बाली ने मौके पर ही इन लोगों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल उस कूड़े को उठवाकर उन्हें वापस उनके डस्टबिन में डलवाया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान महापौर ने यह स्पष्ट कर दिया कि सफाई व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
महापौर की यह पहल न केवल एक साहसिक कदम रही, बल्कि इससे साफ संदेश गया कि नगर निगम अब केवल अपीलों और नोटिसों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यावहारिक और परिणाममुखी कार्रवाई की राह पर चल चुका है। दीपक बाली ने कहा कि वे दिन में अधिकारियों के साथ योजनाएं बनाते हैं और रात में खुद सड़कों पर उतरकर क्रियान्वयन की हकीकत परखते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा में लादकर कुछ लोग कूड़े के कंटेनर के साथ नियमित रूप से शहर के प्रमुख स्थानों पर कूड़ा फेंकने आ रहे थे। महापौर को इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर निगरानी की। जैसे ही उन्होंने इन लोगों को रंगे हाथों पकड़ा, उन्हें कोई सफाई देने का अवसर भी नहीं दिया गया और वहीं पर कचरा उठवाकर लौटने को मजबूर किया गया।
महापौर दीपक बाली की इस रात्रि छापेमारी की चर्चा पूरे शहर में रही। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर नागरिकों ने इस सख्ती की खुलकर सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि यदि ऐसे ही एक-एक जिम्मेदार नागरिक पर लगाम लगती रही, तो काशीपुर स्वच्छता के मामले में अन्य नगरों के लिए मिसाल बन सकता है।
दीपक बाली की इस सक्रियता ने नगर निगम प्रशासन और स्वच्छता टीम को भी अलर्ट कर दिया है। अब साफ है कि महापौर खुद मैदान में उतर चुके हैं, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
काशीपुर में स्वच्छता की नई तस्वीर लिखी जा रही है, जिसमें महापौर दीपक बाली नायक की भूमिका में हैं। यह घटना केवल एक कार्रवाई नहीं बल्कि उन सभी के लिए चेतावनी है जो अब भी सफाई अभियान को हल्के में ले रहे हैं। काशीपुर की सड़कों पर रात की ये “सर्जिकल स्ट्राइक” अब एक नया उदाहरण बन गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal