@शब्द दूत ब्यूरो (08 जुलाई 2025)
देहरादून। राज्य के प्रमुख सचिव (ऊर्जा, आवास एवं नियोजन) श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम एक बार फिर साइबर ठगों के निशाने पर हैं। इस बार उनकी तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए अज्ञात शातिर अपराधियों ने WhatsApp नंबर 84812986500 की प्रोफाइल में उनकी फोटो लगाकर, अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों से Google Pay नंबर 8974517706 पर पैसों की मांग शुरू कर दी है।
इस गंभीर फर्जीवाड़े को लेकर प्रमुख सचिव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को पत्र भेजते हुए न केवल इस साजिश की फोटोकॉपी और स्क्रीनशॉट संलग्न किए हैं, बल्कि इसे उनकी छवि खराब करने का सुनियोजित प्रयास करार दिया है। उन्होंने चेताया कि इस प्रकार के अपराधों से प्रशासनिक तंत्र में भ्रम और अविश्वास की स्थिति उत्पन्न होती है।
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। प्रमुख सचिव ने याद दिलाया कि 28 मार्च 2024 को भी इसी प्रकार का मामला सामने आया था, जिसमें उनके नाम से विभागीय अधिकारियों से पैसे मांगे गए थे। उस समय भी उन्होंने इस तरह की हरकतों को गंभीरता से लिया था और रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
अब एक बार फिर से उसी रणनीति के तहत अपराधियों ने WhatsApp और डिजिटल पेमेंट माध्यमों को हथियार बनाकर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की प्रतिष्ठा को निशाना बनाया है।
प्रमुख सचिव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि इस मामले में तुरंत FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या आम नागरिक इस तरह की साजिशों का शिकार न हो।
यह घटना न सिर्फ डिजिटल फ्रॉड की खतरनाक हकीकत को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि उच्च पदस्थ अधिकारी भी साइबर ठगों के रडार पर हैं। ऐसे में पुलिस और साइबर सेल की सक्रियता और तकनीकी सतर्कता समय की सबसे बड़ी मांग बन चुकी है।
चेतावनी: यदि आपको किसी वरिष्ठ अधिकारी के नाम से पैसों की मांग वाला कोई मैसेज मिले, तो सतर्क रहें, पुष्टि करें, और तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal