@शब्द दूत ब्यूरो (03 जुलाई 2025)
काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की सहमति एवं जिला चुनाव समिति की चर्चा के उपरांत काशीपुर जिला पंचायत के लिए पार्टी ने अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिला अध्यक्ष मनोज पाल द्वारा हस्ताक्षरित सूची के अनुसार कुल 14 वार्डों में भाजपा ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं, जबकि दो वार्डों को स्वतंत्र घोषित किया गया है।
घोषित सूची में सामाजिक समरसता एवं आरक्षण श्रेणियों का संतुलन स्पष्ट देखा जा सकता है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी तथा महिला आरक्षित सीटों पर विशेष ध्यान दिया गया है। पार्टी की ओर से खटोला वार्ड से राकेश सिंह, खेपुर से श्रीमती सिल्की खेड़ा, गदरपुरा से श्रीमती परमजीत कौर, रतनपुरा से रोशन लाल उर्फ टिंकू तोमर, टाण्डा आजम से गुलशन कम्बोज, भीकमपुरी से पुनः श्रीमती परमजीत कौर को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
हरसान वार्ड से कमल भट्ट को सामान्य श्रेणी से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, प्रतापपुर, बांसखेड़ा खुर्द, ढकिया कला जैसे अनुसूचित जाति (महिला) आरक्षित वार्डों से क्रमशः श्रीमती बीना आर्य, श्रीमती रीना जाटव और श्रीमती सुरेन्द्र कौर को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा, पतरामपुर (ओबीसी महिला) से श्रीमती रंजित कौर, नारायणपुर (महिला) से श्रीमती कामिनी सिंह और सरवरखेड़ा (सामान्य) से बृजेश कुमार को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया है। अंतिम सूची में 35 नंबर वार्ड बैलजुड़ी से हुकुम सिंह को अनुसूचित जाति श्रेणी में प्रत्याशी बनाया गया है।
हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जिला पंचायत वार्ड संख्या 19 (बरीराई) और 27 (बाजपुर गाँव) को स्वतंत्र घोषित किया गया है। इन दोनों वार्डों में भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतारा जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal