@शब्द दूत ब्यूरो (02 जुलाई 2025)
उत्तराखंड के टिहरी जनपद में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब कांवड़ियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर जाजल फकोट के पास हुआ, जहां टिहरी से नरेंद्रनगर की ओर जा रहे 15 कांवड़ यात्रियों को लेकर जा रहा ट्रक अचानक सड़क पर पलट गया।
हादसे के वक्त ट्रक में सवार सभी 15 कांवड़ यात्री वाहन के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत और बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। शेष 14 यात्रियों का इलाज जारी है, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के नीचे फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी कांवड़ यात्री ऋषिकेश से गंगोत्री की ओर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाईवे पर सावधानीपूर्वक यात्रा करें और नियमों का पालन करें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal