Breaking News

काशीपुर :निरंकारी बाल संत समागम में गूंजा भक्ति भाव, बच्चों ने दी प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ

@शब्द दूत ब्यूरो (19 जून 2025)

काशीपुर।  निरंकारी भवन में विशाल बाल संत समागम एवं इंग्लिश मीडियम संगत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सेवा दल की रैली से हुई, जिसमें “एक मत – निरंकारी मत” का संदेश देते हुए बच्चों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समागम का मुख्य आकर्षण बच्चों की विविध प्रस्तुतियाँ रहीं, जिनमें अवतार वाणी, हरदेव वाणी के गायन के साथ-साथ लघु नाटिकाएं, प्रश्नोत्तरी, कवि दरबार, और वक्ता रूप में संबोधन सम्मिलित थे। बच्चों ने सोशल मीडिया, इन्सानियत, रूहानियत और भक्ति भाव जैसे विषयों पर अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुतियाँ दीं।

लघु नाटिकाओं के माध्यम से बच्चों ने यह सिखाने का प्रयास किया कि आज की व्यस्त जीवनशैली में कैसे माता-पिता बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ सकते हैं।

प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में छोटे-छोटे बाल संतों ने निरंकारी मिशन के इतिहास और वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज से संबंधित प्रश्नों के उत्तर बड़े आत्मविश्वास के साथ दिए।

लघु कवि दरबार के अंतर्गत बच्चों ने यह संदेश दिया कि सत्संग में कैसे बैठना है, कैसे व्यवहार करना है, और सत्संग की गरिमा को बनाए रखना कितना आवश्यक है।

मंच संचालन गौरव द्वारा किया गया, जिन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सेवा, सिमरन और संगत में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर मुखी राजेन्द्र अरोड़ा ने सभी संतों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उपस्थित संगत से आह्वान किया कि वे अपने छोटे बच्चों को सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आदेशानुसार निरंतर सत्संग से जोड़ें।

संचालिका बहन मुन्नी चौधरी ने भी सभी बच्चों को प्रोत्साहित किया और उनके अभिभावकों का आभार प्रकट किया कि उन्होंने बच्चों को समागम की तैयारी में भेजा और संस्कारों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय संचालक प्रवीण अरोड़ा ने बीते वर्षों की यादें साझा करते हुए बताया कि कैसे काशीपुर में बाल समागमों की परंपरा एक छोटे आयोजन से प्रारंभ होकर आज विशाल स्वरूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि सतगुरु के आशीर्वाद से हम सभी को सत्संग, सेवा और सिमरन के माध्यम से जीवन को सफल बनाना चाहिए।

इस समागम में काशीपुर ब्रांच के अलावा कुडेश्वरी, ढकिया नंबर 1 व 2, हरी नगर, गांधीनगर, थोनपुरी, भीमनगर, प्रतापपुर, हेमपुर, बैग अलीगंज आदि क्षेत्रों से भी श्रद्धालु शामिल हुए और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

समापन पर सभी बच्चों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया। यह जानकारी निरंकारी मीडिया प्रभारी प्रकाश खेड़ा द्वारा दी गई।

 

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों संग विस्तृत समीक्षा बैठक, ऊर्जा सुरक्षा से लेकर आपूर्ति शृंखला तक कई अहम निर्देश

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026) नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-