@शब्द दूत ब्यूरो (18 जून 2025)
घटना बुधवार को उस समय हुई जब केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी गदेरे के पास पोल नंबर 153 के पास से श्रद्धालु, डंडी और कंडी मजदूर गुजर रहे थे। अचानक पहाड़ी से मलबा और भारी पत्थर गिरने लगे, जिससे पांच लोग इसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में नितिन कुमार पुत्र रावेल सिंह, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर और चंद्रशेखर, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ये दोनों पालकी मजदूर के रूप में सेवा दे रहे थे।
घायल हुए तीन लोगों की पहचान इस प्रकार है:
- संदीप कुमार पुत्र दया कृष्णा, ग्राम गली, तहसील डोडा, जम्मू (पालकी मजदूर)
- नितिन मन्हास पुत्र मनजीत, जिला डोडा, जम्मू (पालकी मजदूर)
- आकाश चितरीय पुत्र दामोदर दास, निवासी भावनगर, गुजरात
- घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गौरीकुंड रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर तैनात पुलिस बल और डीडीआरएफ टीम ने तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई में गिरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क की कोशिश में है। वहीं दूसरी ओर, सुरक्षा के बीच यात्रा मार्ग पर सीमित रूप से आवागमन जारी रखा गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक यात्रा करें और वातावरण व मौसम की स्थितियों पर नजर बनाए रखें।
यह घटना फिर से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की आवश्यकता की ओर संकेत करती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal