@शब्द दूत ब्यूरो ( 10 मार्च 2025)
अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल में खड़ी और बैठकी होली धूमधाम से मनाई जा रही है। बीते रोज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने अल्मोड़ा के मल्ला महल में आयोजित नशा मुक्त होली महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री टम्टा ने महोत्सव में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार का बेहतर माध्यम बताया ।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रयास किया है कि कुमाऊं के सभी स्थानों की होली का मंचन मल्ला महल हो, ताकि प्रशासन द्वारा आयोजित नशा मुक्त होली महोत्सव का उद्देश्य पूरा हो सके। महोत्सव में स्कूली छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए। तीन दिवसीय इस महोत्सव में महिलाओं द्वारा सामूहिक होली गायन, महिला समूहों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां, शास्त्रीय रागों पर आधारित होली और कुमाऊं की पारंपरिक बैठकी होली आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा इन दिनों महिला होल्यारों की खड़ी होली के रंग से सराबोर है।
उधर चंपावत जिले समेत कुमाऊं के अधिकांश इलाकों में रंग एकादशी के साथ ही चिर बन्धन कर खड़ी होली का गायन शुरू हो गया है। कुमाऊं मंडल के गांव और बाजार भी खड़ी होली के जश्न में डूब हुए हैं। इस मौके पर चंपावत जिले के तल्ली मादली, सुई, फोर्ति, बिशुंग, गोशनी, बाराकोट और अन्य स्थानों पर होली प्रांगणों में पूजा-अर्चना के साथ चीर बांधी गई और गणेश बंधन के साथ खड़ी होली गाई गई, जिसका समापन टीके की होली की पूजा के साथ होगा। होल्यार राजेश चौबे ने बताया कि खड़ी होली, बड़ी होली के रूप में जानी जाती है, जिसमें अपने पारंपरिक होली गीतों का गायन किया जाता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
