@शब्द दूत ब्यूरो (05 मार्च 2025)
काशीपुर। कांग्रेसी पार्षद के नेतृत्व में संगठित होकर एक सिख नौजवान के साथ अभद्रता और पगड़ी उतार कर अपमानित किये जाने से आक्रोशित सिंह गुरूद्वारा सभा के बैनर तले आज यहाँ सिख समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गुरूद्वारा सिंह सभा की ओर से मुख्यमंत्री को उपजिलाधिकारी के माध्यम से आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की शांत ऋषिकेश की पवित्र भूमि में एक सिख नौजवान रघुवीर सिंह पर कॉग्रेसी पार्षद वीरपाल के नेतृत्व में लगभग सौ सवा सौ व्यक्तियों द्वारा संगठित होकर हमला किया जाना एवं उसकी पगड़ी उतारकर उसे बुरी तरीके से लात घूसों से पीटना और उनके प्रतिष्ठान में दंगा करते हुये तोड़फोड़ किया जाना, जिससे यहां के प्रदेश ही नहीं पूरे देश के सिखों में रोष व्याप्त है।
गुरूद्वारा सिंह सभा ने मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिये दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलवायी जानी चाहिये, जिससे भय का वातावरण न बन सके एवं कानून का इकबाल बुलन्द रहे और यह ऋषियों मुनियों की भूमि उत्तराखण्ड की गरिमा बनी रहे।
इस विरोध प्रदर्शन में जगमोहन सिंह बंटी, सतपाल सिंह आनंद, देवेन्द्र सिंह, बलविंदर सिंह, सर्वजीत सिंह रंधावा, संयोग चावला, कुलविंदर सिंह, परमजीत सिंह, वीरेंद्र पाल सिंह, सुखप्रीत चड्ढा, गुलजार सिंह, पृथ्वीपाल सिंह चरन जीत जसपाल सिंह, देवेन्द्र सिंह मुख्त्यार सिंह गुरविंदर सिंह चंडोक, दिलप्रीत सिंह सेठी समेत बड़ी संख्या में सिख समुदाय से जुड़े लोग शामिल रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
