
काशीपुर । कांग्रेस को झटका देते हुए जिला पंचायत सदस्य हरदेव सिंह हैरी ने अपने दर्जन भर समर्थकों सहित भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बताते चलें कि चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज जोशी समेत कई स्थानीय कांग्रेस के नेताओं ने हरदेव सिंह हैरी के लिये रोड शो कर उन्हें जिताने के लिए अपील की थी। इस प्रकार विधायक चीमा ने अमित शाह की तर्ज पर काशीपुर में कांग्रेस को झटका दे दिया।

हरदेव सिंह हैरी के भाजपा में शामिल होने से स्थानीय कांग्रेस को बड़ा धक्का लगा है। आज नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य हरदेव सिंह हैरी भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा के कार्यालय पहुंचे और विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विधायक हरभजन सिंह चीमा के सोशल मीडिया प्रभारी दिलप्रीत सिंह सेठी ने हरदेव सिंह हैरी के भाजपा में शामिल होने की जानकारी देते हुए बताया कि उनके साथ स्वर्ण सिंह पूर्व प्रधान, सुखविंदर सिंह, सतनाम सिंह, हरप्रीत सिंह, विवेक नागपाल, अंकित चौधरी, सिमर कहलो तथा परमवीर सिंह व दिलेर सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, नगर निगम मेयर श्रीमती उषा चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह मानस, पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, गांधार अग्रवाल भी मौजूद थे। विधायक चीमा व अन्य भाजपा नेताओं ने भाजपा में शामिल होने पर हरदेव सिंह हैरी समेत सभी लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। 


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
