@शब्द दूत ब्यूरो (08 मई 2024)
पंतनगर । गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने वर्ल्ड क्यू एस रैंकिंग 2024 के कृषि संवर्ग में इस बार 311वां रैंक प्राप्त किया है। वर्ष 2024 के लिए जारी सूची में भारत के कृषि विश्वविद्यालयों में पंतनगर सर्वोच्च स्थान पर है और तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय दूसरे स्थान पर है। देश का अन्य कोई कृषि विश्वविद्यालय वर्ल्ड क्यू एस रैंकिंग में अपना स्थान नहीं बना पाया है। कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने पूरे विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं।
आपको बता दें कि पिछले तीन सालों से गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय लगातार अपनी रैंकिंग सुधार रहा है। सभी स्तर पर ग्लोबल विश्वविद्यालयों में अच्छी उपस्थिति दर्ज कर रहा है।
विश्वविद्यालय की रैंकिंग समिति के प्रमुख और कृषि अधिष्ठाता डॉ. शिवेन्द्र कश्यप ने बताया कि पंतनगर की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय छवि, शैक्षणिक उत्कृष्टता और संकाय सदस्यों के शोध प्रकाशनों के बढ़े हुए स्तर के कारण विश्वविद्यालय ने मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि क्यू एस रैंकिंग में आने से विश्वविद्यालय की ब्रांडिंग होती है जो विश्व स्तर पर छात्रों को आकर्षित करती है और विश्वविद्यालय को आर्थिक लाभ होता है।
छात्र भी वर्ल्ड क्यू एस रैंकिंग में विश्वविद्यालय के प्रदर्शन से खुशी और गर्व महसूस कर रहे हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal