Breaking News

गढ़वाल-अल्मोड़ा सीट का टिकट हो गया फिक्स! कांग्रेस इन प्रत्याशियों पर खेलेगी दांव, बची तीन सीटों पर ये है अपडेट

@शब्द दूत ब्यूरो (12 मार्च 2024)

देहरादून। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा के लिए नजरें अब केंद्रीय नेतृत्व पर टिक गई हैं। नई दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार को बैठक में प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर गहन मंत्रणा हुई।

बताया जा रहा है कि गढ़वाल और अल्मोड़ा सीटों पर प्रत्याशियों का चयन कर लिया गया है। गढ़वाल सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अल्मोड़ा से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा पर पार्टी दांव खेल सकती है। शेष तीन सीटों पर भी प्रत्याशियों को लेकर सहमति बनी है, लेकिन इन पर प्रत्याशी घोषित करने में अभी समय लग सकता है।

नई दिल्ली में सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सोमवार दोपहर बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश प्रभारी कुमार सैलजा भी उपस्थित रहे।

सूत्रों के अनुसार दो सीटों पर प्रत्याशियों पर सहमति बन चुकी है। इनमें गढ़वाल सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अल्मोड़ा सीट से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। गोदियाल और टम्टा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबियों में सम्मिलित हैं।

तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर मंथन

प्रदेश की शेष तीन सीटों ऊधमसिंहनगर-नैनीताल, हरिद्वार और टिहरी पर प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार ऊधमसिंहनगर-नैनीताल सीट पर विधायक तिलकराज बेहड़, भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक रणजीत रावत और पूर्व सांसद महेंद्रपाल पर विचार किया गया। विधायक तिलकराज बेहड़ भी संभावित प्रत्याशियों की दौड़ में तेजी से आगे आए हैं।

हरिद्वार सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का टिकट लगभग पक्का माना जा रहा है। परिवर्तन की सूरत में भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सहमति से नाम तय किया जा सकता है। टिहरी सीट पर उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण की दावेदारी पर विचार किया गया। बताया जा रहा है कि गढ़वाल और अल्मोड़ा सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा शीघ्र हो सकती है, जबकि शेष तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने में समय लग सकता है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर की बेटी शिखा बिस्ला की एकल कला प्रदर्शनी ‘ज़िक्र’ ने अंतर्राष्ट्रीय कला मंच पर रच दिया इतिहास

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (10 फरवरी 2026) नई दिल्ली |काशीपुर की बेटी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-