
@शब्द दूत ब्यूरो (08 फरवरी 2024)
हल्द्वानी। अवैध मदरसा व मस्जिद ढहाए जाने के विरोध में यहां तमाम लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जिसमें मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ हालत की समीक्षा की। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश।डीएम ने वनभूलपुरा में कर्फ्यू लगा दिया है।दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
दरअसल आज हल्द्वानी के ‘मलिक के बगीचे’ इलाके में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद और मदरसा को ध्वस्त किया गया, जिसका लोगों ने काफी विरोध किया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प भी हुई। इस बीच पुलिस पर पथराव भी किया। कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए्।
बताते हैं कि उपद्रवियों ने कई वाहनों में भी आग लगा दी है। इलाके की स्थिति तनावपूर्ण है। शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति को काबू में करने का तमाम प्रयास कर रही है।
दूसरी ओर वहीं प्रशासन के मुताबिक मस्जिद और मदरसा संचालक को पहले नोटिस भेजा गया था। लेकिन उन्होंने नोटिस के बाद भी मस्जिद और मदरसे के कोई दस्तावेज नहीं दिखाए। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए है। देहरादून में सीएम आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अवैध निर्माण को हटाये जाने के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों पर हुए हमले तथा क्षेत्र में अशान्ति फैलाने की घटना को गम्भीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में शान्ति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के सख्त निर्देश भी दिये है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में गुरूवार को सांय मुख्यमंत्री आवास में मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूडी, पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार तथा अन्य उच्चाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से शान्ति बनाये रखने की अपील करते हुए अराजक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही कर क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि प्रदेश में किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड करने की छूट नहीं दी जानी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी निरंतर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये प्रयासरत रहे।
जिलाधिकारी द्वारा दूरभाष पर मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अशान्ति वाले क्षेत्र बनभूलपुरा में कर्फ्यू लगाया गया है तथा स्थिति को सामान्य बनाये रखने के लिये दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिये गये है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
