@शब्द दूत ब्यूरो (04 जनवरी 2024)
काशीपुर। स्थानीय पुलिस चोरों और नशेड़ियों को पकड़ने के तमाम दावे और खुलासे करती है लेकिन इसके बावजूद नशेड़ियों द्वारा की जाने वाली वारदातों पर अंकुश लगा पाने में कामयाब नहीं हो पा रही है । बीती रात ऐसे ही नशेड़ियों ने राजकीय चिकित्सालय में स्व लक्ष्मण दत्त भट्ट की प्रतिमा को उखाड़ दिया हालांकि वहां किसी के द्वारा देख लिये जाने के कारण वह सफल नहीं हो सके। आज सुबह जैसे ही पर्वतीय समाज के लोगों को इस घटना का पता चला तो वह आक्रोशित हो गये और राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सा अधीक्षक से विरोध जताया। हालांकि चिकित्सा अधीक्षक ने मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार बीती रात लक्ष्मण दत्त भट्ट चिकित्सालय में स्थापित काशीपुर के पूर्व विधायक रहे स्व लक्ष्मण दत्त भट्ट की प्रतिमा के ऊपर लगी छतरी को तोड़ कर ले जाने का कुछ नशेड़ियों द्वारा प्रयास किया गया। रात्रि में वहां विवेक नामक एक ट्रेनी युवक ने यह देख लिया। जिससे वह लोग छतरी वहीं छोड़कर फरार हो गए। जिस जगह पर लक्ष्मण दत्त भट्ट की प्रतिमा स्थापित की गई है उसके ठीक पीछे एक बाग है। अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि इस बाग में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। दिन रात यहां नशेड़ी इंजेक्शन व स्मैक आदि का सेवन करते रहते हैं। यही लोग अस्पताल से कई बार छोटी मोटी चोरियां करते रहते हैं। एक कर्मचारी ने बताया कि बाहर लगी नलों की टोंटियां भी अक्सर चोरी कर ली जाती है।
बता दें कि शहर के इस अस्पताल में मरीजों व उनके तीमारदारों के साथ भी ऐसी घटनाएं घटने की संभावना बनी हुई है। अस्पताल परिसर में अनेक बार चोरी हो चुकी है। सीएमएस डॉ खेमपाल ने बताया कि इस संबंध में अस्पताल की ओर से पुलिस व प्रशासन को लिखित में अवगत कराया गया है। सात दिसंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजें एक पत्र में सीएमएस डॉ खेमपाल ने अस्पताल परिसर में हो रही तोड़ फोड़ व चोरी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर रात्रि चौकीदार की व्यवस्था की मांग की थी। इससे पहले 28 नवंबर को भी रात्रि चौकीदार व पीआरडी जवान की तैनाती के लिए मांग की गई थी। दो दिसंबर को भी अस्पताल परिसर के भीतर ह्रदय रोग विभाग से अज्ञात चोरों ने काफी सामान की चोरी कर ली थी। जिसकी तहरीर काशीपुर कोतवाली को दी गई थी।
इस सबके बावजूद न तो जिला व स्थानीय प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई की गई। इधर देवभूमि पर्वतीय महासभा से जुड़े पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जीना, पूर्व पार्षद पुष्कर बिष्ट,रिकी पोंटिंग,विजय खुल्वे, जयदीप ढौंडियाल(विजय दीप),विजय बिष्ट, कुंदन बिष्ट,दीप पाठक आदि ने राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक से मिलकर अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग की व स्व लक्ष्मण दत्त भट्ट के प्रतिमा स्थल की सफाई की मांग भी रखी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
