@शब्द दूत ब्यूरो (25 दिसंबर 2023)
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि व्यापारी राज्य एवं देश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय शक्तियों की रीढ़ होने के साथ ही ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत होते हैं।आज यहां रामनगर रोड स्थित एक होटल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आज सभी व्यापारियों से मिलने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। काशीपुर क्षेत्र से विशेष जुड़ाव है। समाज, प्रदेश या राष्ट्र के विकास में व्यापारी वर्ग का योगदान स्वतः ही आ जाता है। व्यापारी वर्ग के योगदान के बिना श्रेष्ठ उत्तराखंड निर्माण का हमारा ’’संकल्प’’ पूर्ण नहीं हो सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए ’’वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को अपनाकर भारत के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बीते 9 वर्षों में व्यापार, उद्यम, क्रिएटिविटी को साथ लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नया विश्वास पैदा हुआ है। अपनी माणा गांव की यात्रा के दौरान पीएम ने लोकल उत्पादों पर 5% धनराशि खर्च करने का आग्रह किया था। इससे स्थनीय लोगों को रोज़गार मिलता है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हर किसी का योगदान जरूरी है। नीतियों के माध्यम से देश में ऐसा माहौल बना है जिसमें सामान्य से सामान्य परिवार का युवा भी उद्यमी बनने के बारे में सोच सकता है और उसपर अमल भी हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार में व्यापारियों को ’’प्रोत्साहन’’ और ’’प्रॉफिट’’ के साथ ही ’’प्रोटेक्शन’’ भी मिला है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा व्यापारी हितों में नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं। पूरे देश में हर स्तर पर व्यापारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज राज्य के अंदर नई कार्य संस्कृति द्वारा सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एंव सन्तुष्टि के मंत्र के आधार पर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के अपने ’’विकल्प रहित संकल्प’’ को पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, अध्यक्ष उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवम विपणन बोर्ड डॉ.अनिल कपूर डब्बू, भाजपा नेता दीपक बाली,बीजेपी जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, बीजेपी प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, महामंत्री पीसी मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी छाबड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दिलप्रीत सेठी, सभा अध्यक्ष अनिल गोयल, महानगर अध्यक्ष प्रभात साहनी,अमन बाली, मुकेश चावला, गीता चौहान,एवं प्रदेश के सभी अनेक जनपदों से आये व्यापारी मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

