@शब्द दूत ब्यूरो (23 नवंबर 2023)
उत्तरकाशी। सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के आज बाहर निकलने की पूरी उम्मीद है। बता दें कि कल से ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौके पर पहुंचे हुए हैं। पहले यह आशा थी कि कल ही देर रात सभी श्रमिकों के बाहर निकलने को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह आशान्वित थी लेकिन एक पिलर के सरियों ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हालांकि अब राहत टीम और श्रमिकों के बीच का फासला महज छह मीटर रह गया है।
उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आज फोन कर सिलक्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फँसे श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने हेतु चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री को केंद्रीय एजेंसियों, अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों एवं प्रदेश प्रशासन के परस्पर समन्वय से युद्ध स्तर पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों में हो रही प्रगति से अवगत कराया। प्रधानमंत्री को मौक़े पर श्रमिकों के उपचार व देखभाल हेतु चिकित्सकों की टीम, एम्बुलेंस, हेली सेवा एवं अस्थायी हॉस्पिटल की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने एवं किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में एम्स ऋषिकेश में चिकित्सकों को तैयार रहने के निर्देश दिये जाने की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिक बंधुओं एवं उनके परिजनों से हो रही निरंतर बातचीत व उनकी कुशलता से अवगत कराया एवं स्वयं के भी उत्तरकाशी में रहकर बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करने की भी जानकारी दी।
फिलहाल आज फिर सरकार व राहत टीम के सदस्यों को इस बात की उम्मीद जगी है कि सभी श्रमिक सुरक्षित ढंग से आज किसी भी समय टनल से बाहर आ सकते हैं। न केवल उत्तराखंड के लोग वरन् पूरे देश के लोग इस राहत अभियान की सफलता की कामना कर रहे हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



