@शब्द दूत ब्यूरो (14 अगस्त 2023)
काशीपुर। सड़क के ज़ख्म जल्द ही नासूर बन जायेंगे। ये आप काशीपुर की इस सड़क को देखकर खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं। हम बात कर रहे हैं बाजपुर रोड से द्रोणासागर नहर की ओर गुजर रही सड़क की।
जब इस सड़क को बनाया गया था तो एक बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया गया था। लेकिन इस उपलब्धि की हकीकत इस सड़क को देखकर आप समझ जायेंगे। तमाम विकास के दावों के बीच इस सड़क की बदहाल हालत से सिर्फ जनता परेशान हैं। बाकी शासन प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ता।
शहर में तमाम राजनेता और राजनीतिक दलों के लोग तो प्रशंसा और महिमामंडन में व्यस्त हैं जनता की समस्याओं की ओर देखने की उन्हें फुरसत नहीं है। अभी कुछ ही दिन पहले संडे मार्केट के पास सड़क धंसने की बड़ी घटना हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद भी इस पूरी सड़क का निरीक्षण करने के बजाय उसी स्थान पर काम किया जा रहा है। हालांकि इस पूरी सड़क की स्थिति को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए था। इस सड़क की अनेक जगह पर ऐसी स्थिति है कि वह लगभग धंसने की कगार पर है।
यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क के धंसने की और भी घटनाएं हो सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बदहाल सड़क की वजह से वह सभी परेशान हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि संडे मार्केट के पास सड़क धंसने, फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चलने की वजह से तमाम भारी वाहन भी इस सड़क से होकर डायवर्ट किये गये हैं जबकि नहर के ऊपर बनी इस सड़क की स्थिति भारी वाहनों का बोझ सह पाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में अगर कोई दुर्घटना घट जाये तो कोई बड़ी बात नहीं। अब देखना यह है कि शासन प्रशासन आखिर कब जागेगा? दुर्घटना से पहले या दुर्घटना के बाद?
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
