@शब्द दूत ब्यूरो (20 जुलाई 2023)
काशीपुर। मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना पर आई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कड़ी प्रतिक्रिया पर कांग्रेस प्रदेश सचिव अलका पाल ने निशाना साधा है।
शब्द दूत से बातचीत में कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने मणिपुर की इस शर्मनाक घटना को झकझोरने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि मणिपुर की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और वहां के मुख्यमंत्री ने पूरे देश को गुमराह किया। आज जब वीडियो वायरल होने के बाद देश की सर्वोच्च अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार को आगाह किया तो विवश होकर पीएम मोदी को सार्वजनिक रूप से इस शर्मनाक घटना पर ये बयान देना पड़ा।
अलका पाल ने कहा कि पीएम मोदी मणिपुर की घटना पर दुःख जताने में भी राजनीति करते दिखाई दिए। राजस्थान और छत्तीसगढ़ का नाम उन्होंने लिया लेकिन उत्तराखंड की अंकिता भंडारी हत्याकांड पर उन्होंने आज तक एक शब्द भी नहीं बोला। मणिपुर की पीड़ित बेटियां भी इस देश की हैं उनके साथ हुई बर्बरता की जितनी भर्त्सना की जाये वो कम है। लेकिन उत्तराखंड की अंकिता भंडारी हत्याकांड पर भाजपा के नेता मौन साधे हुए हैं।
अलका पाल ने भाजपा की तमाम वरिष्ठ महिला नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने पदों पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal